कोरोना का खौफ: गोरखपुर-बस्‍ती मंडल में निगरानी में 222 मरीज, जांच के लिए भेजे गए तीन के नमूने

कोरोना का खौफ: गोरखपुर-बस्‍ती मंडल में निगरानी में 222 मरीज, जांच के लिए भेजे गए तीन के नमूने


कोरोना वायरस के प्रकोप का खतरा बढ़ता जा रहा है। गोरखपुर और बस्ती मंडल में विदेश से लौटे 222 लोगों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग कर रहा है। गभीर रूप से बीमार चार लोगों को आईसोलेशन वार्ड में रखा गया है। जिसमें से तीन के लार का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। 


देवरिया, महराजगंज, बस्ती और कुशीनगर में एक-एक मरीज को सरकारी अस्पताल के आईसोलेशन में रखा गया है। इनमें से तीन मरीजों के लार का नमूना लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया है। इसमें कुशीनगर के युवक का नमूना दूसरी बार जांच के लिए भेजा गया।


गोरखपुर में 81 संदिग्धों की हो रही निगरानी
स्वास्थ्य महकमा उन सभी लोगों की निगरानी कर रहा है जो बीते दो महीने में कोरोना प्रभावित देशों से लौटे हैं। सबसे ज्यादा 81 लोगों की निगरानी गोरखपुर में हो रही है। इसमें से करीब 30 लोगों की निगरानी की मियाद पूरी हो चुकी है। देवरिया में 58, महराजगंज में 19, बस्ती में 22, संतकबीर नगर में 25, सिद्धार्थनगर में पांच और कुशीनगर में एक व्यक्ति के सेहत पर स्वास्थ्य विभाग निगरानी रखे हुए है। 


देवरिया में 11 लोगों की चल रही है तलाश 
कोरोना के खौफ के बीच देवरिया में 11 लोगों की स्वास्थ्य विभाग तलाश रहा है। यह लोग बीते एक हफ्ते में विदेश से लौटे हैं। सोमवार को ही इनकी सूची शासन ने देवरिया प्रशासन को भेजी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी तलाश कर रही है।